पांच शिक्षक समेत 19 लोगों पर मामला दर्ज
फर्जी पत्र से खुला बड़ा शिक्षा अनुदान घोटाला
नवी मुंबई में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी अनुदान हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पांच शिक्षकों सहित कुल 19 लोगों के खिलाफ वाशी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है। अब तक 1 करोड़ 24 लाख 69 हजार रुपये के अनुदान के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है।
यह घोटाला माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विभाग के मुंबई मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र अहिरे की सतर्कता से उजागर हुआ। वर्ष 2018 में वे चर्नी रोड स्थित विभागीय कार्यालय में उपशिक्षण संचालक के रूप में कार्यरत थे। उनके नाम से एक फर्जी पत्र जारी किए जाने का मामला सामने आया। जांच में स्पष्ट हुआ कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया था, जिसके बाद उन्होंने वाशी पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।
तफ्तीश में पता चला कि अलीबाग की जनता शिक्षण प्रसारक मंडल के चार तथा खोपोली तालुका की के.एम.सी. शिक्षण संस्था के एक शिक्षक ने कथित रूप से फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी अनुदान प्राप्त किया। इस मामले में मदद करने के आरोप में वर्तमान और पूर्व प्राचार्य, संस्था के सचिव तथा अन्य संबंधित लोगों समेत कुल 19 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें तत्कालीन शिक्षा मंडल के विभागीय अध्यक्ष नितीन उपासनी का नाम भी शामिल है।
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वाशी पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






