धाराशिव:मुर्शदपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं का भव्य स्नेह सम्मेलन बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गांव और आसपास के क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर एकजुटता और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद उपाध्यक्ष सौ. उषा रविंद्र गायकवाड ने की। प्रमुख अतिथियों में पंचायत समिति उमरगा की सभापति कु. आकांक्षा ज्ञानराज चौगुले, पंचायत समिति लोहारा की सभापति पल्लवी दादासाहेब जानकर सहित कई मान्यवरों की उपस्थिति रही। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्र की सामाजिक कार्यकर्ता और महिला प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभाग लिया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए मार्गदर्शनपर सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजनात्मक खेलों का आयोजन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने महिलाओं को शिक्षा, स्वावलंबन और एकजुटता के महत्व पर प्रेरित करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष ने जिला परिषद स्कूल के कंपाउंड की मरम्मत और महिला केंद्र के सुधार कार्य कराने का आश्वासन भी दिया। इस आयोजन की विशेष उपलब्धि के रूप में जिजाऊ ब्रिगेड की ग्राम शाखा का आधिकारिक शुभारंभ किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं के संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का संचालन मंजुषा अजित बलसुरे (लोहरा तालुका संघटक) ने किया। अंत में सभी उपस्थितों के लिए स्नेहभोजन की व्यवस्था की गई। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिजाऊ ब्रिगेड की ग्राम शाखा का हुआ आधिकारिक शुभारंभ
स्कूल व महिला केंद्र के सुधार का दिया गया आश्वासन








