मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज़ नागरिकों का ऐलान
सोलापुर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। आगामी सोलापुर महानगरपालिका चुनाव से पहले जुळे सोलापुर इलाके के नागरिकों ने मतदान के बहिष्कार की चेतावनी देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। प्रभाग क्रमांक 26 स्थित गणेश बिल्डर्स सोसाइटी के नागरिकों ने सार्वजनिक रूप से यह निर्णय घोषित किया है।
नागरिकों का आरोप है कि रूबी नगर से अमोल नगर को जोड़ने वाला रास्ता वर्षों पहले स्वीकृत किया जा चुका है, बावजूद इसके राजनीतिक दबाव और उदासीनता के चलते अब तक उसका निर्माण नहीं किया गया। इस कारण स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि ड्रेनेज व्यवस्था, नियमित पानी की आपूर्ति और स्वास्थ्य से जुड़ी मूलभूत समस्याएं भी पिछले करीब 30 वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं। नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार महानगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने जरूर आते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही क्षेत्र की समस्याओं को भुला दिया जाता है। इसी उपेक्षा के विरोध में नागरिकों ने यह कड़ा कदम उठाने का फैसला किया है।
नागरिकों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क निर्माण, ड्रेनेज सुधार, पानी की आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आगामी महानगरपालिका चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नागरिकों की इस चेतावनी के बाद प्रशासन और राजनीतिक दल क्या रुख अपनाते हैं और क्या चुनाव से पहले इन बुनियादी मुद्दों पर कोई ठोस कदम उठाया जाता है या नहीं।









