हादसे के बाद मोहाडी पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
धुले: महाराष्ट्र के धुले जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवधान गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक पिता और उनका तीन साल का मासूम बेटे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण निंबा गुंजाल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से मालेगांव जा रहे थे। हादसे के समय ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को होटल कलकत्ता पंजाब के सामने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य लक्ष्मण गुंजाल (3 वर्ष) मौके पर ही चल बसा, जबकि पिता लक्ष्मण गुंजाल इलाज के दौरान दम तोड़ गए।
हादसे में पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। डेढ़ साल की बच्ची बाल-बाल बच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहाडी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रक चालक सलीम इब्राहीम खान (26, राजस्थान) को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और नागरिकों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से इस तरह के हादसे आम होते जा रहे हैं। अब सवाल उठता है कि सड़क सुरक्षा और ट्रक रफ्तार पर कब सख्ती आएगी।
यह हादसा एक हंसते-खेलते परिवार की जिंदगी उजाड़ने वाला उदाहरण है, जो हमें सड़क सुरक्षा और वाहन नियमों की गंभीरता की याद दिलाता है।









