नाशिक जिले के मालेगांव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ के कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और टीपू सुल्तान को समकक्ष बताया था, जिस पर सकल हिंदू समाज ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
मालेगांव में सकल हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर हर्षवर्धन सपकाळ और टीपू सुल्तान की प्रतिमाओं को जूते मारे और बाद में उन्हें जलाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की और बयान को आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उपमहापौर दालन में दोबारा संबंधित फोटो लगाया गया तो उसे हटाकर फेंक दिया जाएगा। इसके बाद मोसम पुल से मोर्चा निकालते हुए छावनी पुलिस थाने तक रैली निकाली गई, जहां पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
हालांकि, इस आंदोलन को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिला और सकल हिंदू समाज की ओर से सीमित संख्या में ही लोग उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बंदोबस्त किया। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।








