लोकवाहिनी संवाददाता :नागपुर। जिले के कामठी अंतर्गत येरखेड़ा परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) नागपुर ने सफल कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईबी) के सहायक अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सहायक अभियंता का नाम अविनाश लक्ष्मण दाभेकर (उम्र 34 वर्ष) बताया गया है। इस कार्रवाई से विद्युत विभाग सहित पूरे सरकारी तंत्र में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी दुकान के लिए 9 किलोवाट क्षमता के विद्युत कनेक्शन हेतु एमएसईबी में ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन स्वीकृत करने के लिए आवश्यक वैधानिक शुल्क के अलावा आरोपी अभियंता ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में समझौते के तहत आरोपी ने सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि सहित कुल 1 लाख 10 हजार रुपये की मांग की।
बताया जा रहा है कि आरोपी अभियंता ने शिकायतकर्ता से पहले ही एक लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए थे और शेष 10 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर देने का दबाव बना रहा था। रिश्वत नहीं देने की इच्छा के चलते शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग, नागपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। आरोपी अभियंता ने अपने कार्यालय में शिकायतकर्ता से शेष 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आवश्यक पंचनामा के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ नवीन कामठी पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी काम के लिए रिश्वत की मांग होने पर तुरंत विभाग से संपर्क करें, शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।











