एशियाई खेल : टीम इंडिया ने श्रीलंका को 124 रन से हराया, हॉकी में भी स्वर्ण पर नजरें : पाक को अंतिम क्षणों में हराया
निशिन। भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर एशियाई खेल के फाइनल में जगह बना ली है। अब शनिवार को स्वर्ण के लिए भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। यह पहला मौका है जब ये दोनों टीमें एशियाई खेल में क्रिकेट मुकाबले में आमने-सामने होंगी। भारत ने जापान के निशिन में खेले गए सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के 6 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट झटके। 3 बल्लेबाज रनआउट हुए। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। वहीं हॉकी में आखिरी सीटी बजने से 45 सेकंड पहले अभिषेक के गोल के दम पर पाकिस्तान को 4-3 से हराकर भारतीय पुरुष टीम फाइनल में पहुंच गई हालांकि दूसरे हाफ में तीन गोल गंवाने वाली गत चैम्पियन टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। तीन अक्टूबर को फाइनल में भारत का सामना मलेशिया या कोरिया से होगा। भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह (पांचवें और 13वें मिनट ) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किये जबकि सुखजीत सिंह (23वें मिनट ) और अभिषेक (60वें मिनट ) ने फील्ड गोल दागे। पाकिस्तान के लिये कप्तान अबू बकर ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया जबकि शाहिद हन्नान (45वें) और राणा वाहिद (49वें) ने पांच मिनट के भीतर दो गोल दागे।
सेलिंग और कुश्ती में रजत, स्क्वाश टीमों ने कांस्य पदक जीता
नागोया। एशियाई खेलों में बृहस्पतिवार को भारत ने स्किफ सेलिंग और ग्रीको रोमन कुश्ती जैसी स्पर्धाओं में पहली बार रजत पदक हासिल किये जबकि क्रिकेट और हॉकी में गत चैम्पियन पुरुष टीमों ने फाइनल में प्रवेश करके स्वर्ण बरकरार रखने की ओर कदम बढ़ा दिये। भारत ने अब तक दस स्वर्ण, 23 रजत और 32 कांस्य समेत 65 पदक जीत लिये और तालिका में आठवें स्थान पर है। केरल के मनु फ्रांसिस और इमैनुएल नोएल ने सेलिंग प्रतियोगिता में पुरुष स्किफ की नौवीं रेस में रजत पदक जीता। फ्रांसिस और नोएल ने नौ रेस के बाद कुल 23 अंक जुटाये और दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता जो 24 नेट अंक और कुल 28 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही। दूसरे हाफ में नितेश सिवाच (97 किलो) को जापान के युरी नकाजात से फाइनल में 4-0 से हराया। ग्रीको रोमन कुश्ती में भारत के लिये यह रजत दुर्लभ पदक है। महिला और पुरुष स्क्वाश टीमें अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबले हारकर कांस्य पदक जीतीं। वहीं कंपाउंड तीरंदाज गणेश मणिरत्नम को भी कांस्य पदक मिला। स्क्वाश में पुरुष टीम को सेमीफाइनल में मलेशिया से 1-2 से हारने के कारण कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। सेमीफाइनल में वीर चोटरानी ने संजय जीवा को 11-4, 11-8, 11-5 से हराकर भारत की उम्मीदों को बनाए रखा था लेकिन अभय सिंह और सेंथिलकुमार कनाल एन पोव एन्जी और अकीलखान चंद्रन से हार गए। भारतीय महिला टीम भी हांगकांग से 1-2 से हार गई और उसने भी अपने अभियान का अंत कांस्य पदक से किया। स्क्वाश में कुल मिलाकर भारत ने एकल में दो रजत पदक, टीम स्पर्धा में दो कांस्य पदक और मिश्रित युगल में एक कांस्य पदक के साथ अपना अभियान समाप्त किया।













