नई दिल्ली। भारत ने सोमवार को ईरान में रहने वाले अपने सभी नागरिकों को सलाह दी कि वे सुरक्षा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए व्यावसायिक उड़ानों सहित परिवहन के सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करके देश छोड़ दें।
तेहरान में नए सिरे से हो रहे विरोध प्रदर्शनों और खाड़ी देशों पर अमेरिकी सैन्य हमलों की बढ़ती आशंकाओं के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एक नया परामर्श (Advisory) जारी किया है। ईरान के कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार विरोधी प्रदर्शन किए, जो पिछले महीने तेहरान द्वारा प्रदर्शनकारियों पर की गई कड़ी कार्रवाई के बाद इस तरह का पहला आंदोलन था।
जनवरी में आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, छात्रों सहित 10,000 से अधिक भारतीय ईरान में रह रहे थे। दूतावास ने कहा, “भारत सरकार द्वारा पांच जनवरी को जारी की गई सलाह के क्रम में और ईरान में उत्पन्न हो रही स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध परिवहन साधनों, जिनमें व्यावसायिक उड़ानें भी शामिल हैं, के माध्यम से ईरान छोड़ दें।”
दूतावास ने यह भी दोहराया कि सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों (PIO) को उचित सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों से बचना चाहिए और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए।
परामर्श में कहा गया कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र सहित अपने यात्रा और आव्रजन संबंधी दस्तावेज (Visa/Immigration documents) हमेशा अपने पास रखें। इसमें कहा गया है कि उनसे अनुरोध है कि वे इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें।











