लोकवाहिनी, संवाददाता:मालवण।मालवण में भाजपा कार्यकर्ता के घर से 25 लाख रुपये मिलने के बाद पूरे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। मामला सामने आते ही शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक नितेश राणे ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले पर सीधे निशाने साधे। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के नेता रोहित पवार भी मैदान में उतर आए और भाजपा पर तीखा हमला किया।
वहीं भाजपा की ओर से चंद्रशेखर बावनकुले ने बचाव देते हुए कहा कि पैसे मिलने की जांच होना ज़रूरी है, लेकिन किसी के बेडरूम जाकर ऐसे शूट करना बिल्कुल गलत है। चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, चुनाव के दौरान कहीं भी पैसे मिलते हैं तो चुनाव आयोग कार्रवाई करता है। पुलिस को भी ज़रूरी हस्तक्षेप कर कार्रवाई करनी पड़ती है। इस घटना में घर से पैसे मिले हैं, बेडरूम में पैसे रखे हुए दिखाई दे रहे हैं।
ये पैसे उनकी ज़मीन के किसी सौदे से आए हैं या किसी अन्य लेन-देन से? किस कारण के लिए ये रकम रखी गई थी इसकी जांच ज़रूरी है। उन्होंने आगे कहा, चुनाव के समय अगर कोई पैसे बांटते हुए पकड़ा जाता है तो चुनाव आयोग तुरंत कार्रवाई करता है, लेकिन यहाँ पैसा घर में मिला है, इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए। जो भी सच होगा, उसकी तहकीकात की जानी चाहिए। गलत पैसा होगा तो कार्रवाई ज़रूरी है। गलत व्यवहार होगा तो पुलिस और चुनाव आयोग दोनों कार्रवाई करेंगे।
बावनकुले ने स्टिंग ऑपरेशन की शैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, उनके घर में पैसे क्यों थे, कहाँ से आए, किस लेन-देन से आए। यह सब जाँचना आवश्यक है। लेकिन आज यह कहना कि बीजेपी कार्यकर्ता के घर पैसे मिले और सीधे किसी के घर में जाकर बेडरूम तक स्टिंग ऑपरेशन करना यह बिल्कुल उचित नहीं है।











