नई दिल्ली। घने कोहरे ने सोमवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भारी तबाही मचाई। फरीदाबाद और नूंह जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कम विजिबिलिटी के कारण कई वाहन आपस में टकराए। मृतकों में सीआईएसएफ का सब इंस्पेक्टर भी शामिल है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।
नूंह जिले में सुबह करीब 4 बजे राजस्थान से दिल्ली की ओर जा रहे वाहनों का बड़ा काफिला कोहरे की चपेट में आ गया। करीब 30 वाहन आपस में भिड़ गए। फरीदाबाद में दो अलग-अलग हादसे हुए हैं, जिसमें दो की मौत हुई है।
फरीदाबाद के कैल गाँव के पास सुबह घने कोहरे में दृश्यता न के बराबर होने से वाहन चालकों को रास्ता नहीं दिखा। पहली दुर्घटना में एक फोर्ड एंडेवर कार सड़क किनारे खड़े केंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार में सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक घायल हो गए। घायलों को मांडिखेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












