लोकवाहिनी , संवाददाता मुंबई। महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। इनमें मुंबई का बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन यानी बीएमसी भी शामिल है। वोटिंग सुबह 7:30 बजे शुरू हुई और शाम 5:30 बजे तक चली। इस चुनाव में 2,869 सीटों पर 15,931 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुंबई में 1,700 और पुणे में 1,166 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य भर में कुल 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य थे।
वोटिंग के तुरंत बाद अलग-अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल (Exit Poll) के नतीजे जारी किए। एग्जिट पोल में पुणे और नागपुर में भी भाजपा की जीत का दावा किया है। इन दोनों बड़े शहरों में भी महायुति गठबंधन अन्य दलों से काफी आगे निकल सकता है। राज्य की 29 नगरपालिकाओं में से 20 से अधिक पर भाजपा के मेयर बन सकते हैं। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार शाम तक कुल 46-50 प्रतिशत वोटिंग हुई।
JVC एग्जिट पोल का अनुमान है कि भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन बीएमसी चुनावों में 138 सीटें हासिल करेगा। JVC एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा का उत्तरी क्षेत्र में 27-28 सीटों के साथ दबदबा बनाने का अनुमान है। यहाँ 42 सीटें हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) को लगभग 7-8 सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) 4-5 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि मनसे और अन्य पार्टियों को इस क्षेत्र में कोई सीट मिलने की संभावना नहीं है।
वहीं जनमत एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा और शिंदे सेना को 138, ठाकरे भाइयों को 62, कांग्रेस को 23 और अन्य के खाते में 7 सीटें जा सकती हैं।
ZEE न्यूज़ एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी गठबंधन को 127 से 154 सीटें मिल सकती हैं। यूबीटी को 44-64 सीटों पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस गठबंधन को 14 से 25 सीटें मिल सकती हैं। अजीत पवार की एनसीपी को 1-4 सीटें और अन्य को 9-17 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं। यूबीटी को 58-68 सीटों पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस गठबंधन को 12 से 15 सीटें मिल सकती हैं। एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, बीएमसी चुनाव में यूबीटी का मराठी अस्मिता का दांव उनके पक्ष में रहा, मगर शिंदे सेना और भाजपा ने भी 30 प्रतिशत मराठी वोटरों का समर्थन हासिल किया। यूबीटी-मनसे को 49 फीसदी मराठियों ने वोट दिए।
इससे उलट 68 प्रतिशत उत्तर भारतीयों ने बीजेपी-शिवसेना और 19 फीसदी ने ठाकरे भाइयों का समर्थन किया। अन्नामलाई फैक्टर भी भाजपा के साथ रहा। 61 प्रतिशत साउथ इंडियन वोटर बीजेपी गठबंधन के साथ गए। 21 फीसदी दक्षिण भारतीयों ने यूबीटी को समर्थन दिया। यूबीटी को कई इलाकों में मुस्लिम वोट मिले हैं। सर्वे के मुताबिक बीजेपी गठबंधन को 41 फीसदी और ठाकरे भाइयों को 33 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस को 13 प्रतिशत, एनसीपी को 3 प्रतिशत और अन्य को 10 प्रतिशत वोट मिल सकता है।









