लोकवाहिनी संवाददाता:यवतमाल। जिले के पुसद और उमरखेड़ शहरों में शनिवार अर्धरात्रि आतंकवाद विरोधी दल (एटीएस) ने एक साथ 14 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, हालांकि अब तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिछले कुछ दिनों से जांच जारी है, जिससे नागरिकों में उत्सुकता के साथ-साथ आशंका का माहौल बना हुआ है।
150 अधिकारियों की गोपनीय कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, एटीएस प्रमुख चंद्रकिशोर मीणा के नेतृत्व में लगभग 20 टीमों के 150 अधिकारियों ने अत्यंत गोपनीय तरीके से यह ऑपरेशन अंजाम दिया। इस दौरान स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया गया।
पुसद शहर पुलिस थाना क्षेत्र में एक घर, वसंत नगर पुलिस थाना क्षेत्र में 12 स्थानों तथा उमरखेड़ में एक स्थान पर एक साथ छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सोशल मीडिया चैट, टेलीग्राम संदेशों और डिजिटल सामग्री की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जब्त उपकरणों में कुछ प्रतिबंधित वीडियो और साहित्य भी मिले हैं, जिनकी सत्यता की जांच जारी है।
14 से पूछताछ, कुछ को छोड़ा गया
कार्रवाई के दौरान लगभग 14 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। जिनके विरुद्ध ठोस साक्ष्य नहीं मिले, उन्हें बयान दर्ज कर छोड़ दिया गया है। वहीं तीन से चार मुख्य संदिग्धों से एटीएस द्वारा कड़ी पूछताछ की जा रही है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक इस प्रकरण में किसी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है। सघन जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है और पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।








