नासिक:महाराष्ट्र के नासिक जिले से किसानों की परेशानी की खबर सामने आई है। बारदान यानी गोणियों की कमी के कारण विंचूर स्थित सरकारी मक्का खरीद केंद्र पर पिछले चार दिनों से खरीद प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी है। यह केंद्र विंचूर, जो निफाड तहसील में लासलगांव के पास स्थित है, वहां करीब 30 ट्रैक्टर मक्का लेकर किसान खड़े हैं और अपनी उपज बेचने का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सरकारी खरीद केंद्र पर मक्का का समर्थन मूल्य लगभग 2,400 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है, जबकि खुले बाजार में यही भाव 1,500 से 1,700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच है। बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में किसान सरकारी केंद्र को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अब तक 788 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 198 किसानों से 9,780 क्विंटल मक्का खरीदा जा चुका है, लेकिन करीब 600 किसान अब भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। बारदान की कमी के कारण तौल और भंडारण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही गोणियों की आपूर्ति नहीं की गई तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। कई किसान पिछले चार दिनों से केंद्र के बाहर डटे हुए हैं। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत बारदान उपलब्ध कराया जाए और बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त खरीद केंद्र भी शुरू किए जाएं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते व्यवस्था दुरुस्त करेगा या किसानों को और लंबा इंतजार करना पड़ेगा?
TICKERS
सरकारी भाव 2,400 रु., बाजार में 1,700 रु. तक
किसानों ने अतिरिक्त खरीद केंद्र शुरू करने की मांग की








