अंतरराष्ट्रीय डेलीगेशन का पारंपरिक स्वागत
बोधगया की वैश्विक आध्यात्मिक पहचान और मजबूत
बिहार के बोधगया स्थित ऐतिहासिक महाबोधि मंदिर में अंतरराष्ट्रीय नेवी अधिकारियों और कर्मचारियों का भव्य स्वागत किया गया। इस खास अवसर पर दुनिया के लगभग 74 देशों से आए 327 नेवी अधिकारी और कर्मचारी मंदिर परिसर पहुंचे।
मंदिर मैनेजमेंट कमिटी, वरिष्ठ भिक्षुओं और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने डेलीगेशन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। सभी अधिकारियों ने पवित्र बोधि वृक्ष के दर्शन किए और भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्हें भगवान बुद्ध के जीवन, ज्ञान, शांति, करुणा और सह-अस्तित्व के संदेशों की जानकारी दी गई। डेलीगेशन के सदस्यों ने कहा कि यह दौरा उनके लिए आध्यात्मिक रूप से अत्यंत समृद्ध अनुभव रहा। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत और बौद्ध दर्शन की गहराई को करीब से महसूस किया। अधिकारियों ने बताया कि बोधगया की पवित्र भूमि पर आकर उन्हें वैश्विक शांति और मानवीय एकता का संदेश समझने का अवसर मिला।
इस यात्रा ने एक बार फिर बोधगया की पहचान को वैश्विक आध्यात्मिक राजधानी के रूप में मजबूत किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और आध्यात्मिक विरासत को भी इस दौरे से नई पहचान मिली है।
नेवी अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे बोधगया से शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व का संदेश अपने-अपने देशों तक पहुंचाएंगे।








