जिलाधिकारी किरण पाटील की पहल, किसानों को वापस मिली छीनी हुई जमीन
बुलढाणा:बुलढाणा जिले में अवैध साहूकारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है। अवैध कर्ज के बोझ तले दबे किसानों की हो रही आर्थिक पिठाई और इससे जुड़ी आत्महत्याओं को रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. किरण पाटील ने सख्त कदम उठाए हैं। उनके नेतृत्व में जिले के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए अभियान के तहत कई किसानों की जमीनें, जो अवैध साहूकारों के पास गिरवी या कब्जे में चली गई थीं, उन्हें वापस दिलाई गई हैं।
जिले में लंबे समय से यह शिकायत सामने आ रही थी कि अवैध साहूकार ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर किसानों को फंसाते हैं और कर्ज न चुका पाने की स्थिति में उनकी कृषि भूमि हड़प लेते हैं। इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ. किरण पाटील ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर विशेष मोहीम शुरू की। जांच के बाद अवैध लेन-देन साबित होने पर प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया के जरिए किसानों की जमीनें साहूकारों से मुक्त कराईं।
अपनी जमीन वापस मिलने के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और डॉ. किरण पाटील से मुलाकात कर उनका सम्मान किया तथा आभार व्यक्त किया। किसानों ने भावुक होकर कहा कि “जिलाधिकारी हमारे लिए देवदूत साबित हुए हैं।” वर्षों से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने पर किसानों ने प्रशासन के इस कदम की खुले दिल से सराहना की।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध साहूकारी के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और किसानों के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से जिले के किसानों में भरोसा बढ़ा है और अवैध साहूकारों में खलबली मच गई है।












