लोकवाहिनी, संवाददाता:अररिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके राज्य से चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर निकालेगी।
शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल ‘जनसांख्यिकीय परिवर्तन से सर्वाधिक प्रभावित’ राज्यों में शामिल है। शाह ने यह टिप्पणी बिहार के अररिया जिले में की, जहाँ उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 175 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और राष्ट्र के प्रति दो नई सीमा चौकियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, देश से हर एक घुसपैठिये को बाहर निकालना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये लोग न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि आम लोगों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उनके प्रभाव को भी कम करते हैं। उन्होंने कहा, बड़े पैमाने पर घुसपैठ से सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिक्रमण भी बढ़ता है। हम इन्हें ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। घुसपैठ से जनसांख्यिकी में परिवर्तन का भी खतरा है, जो किसी क्षेत्र की संस्कृति और यहाँ तक कि उसके भूगोल को भी प्रभावित कर सकती है। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने ‘जनसांख्यिकीय परिवर्तन को निरस्त’ करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जो सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करेगी।











