हिंगोली जिले में ‘गांव तिथे शाखा’ अभियान चलाएगी राष्ट्रवादी कांग्रेस
आखाडा बालापूर में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल पतंगे का हुआ सत्कार
बूथ स्तर पर समितियां बनाकर संगठन मजबूत करने पर जोर
हिंगोली:आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में कलमनुरी तालुका के आखाडा बालापूर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल पतंगे ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए अभी से तैयार रहने का आह्वान किया।
इस दौरान आखाडा बालापूर शहर इकाई की ओर से हिंगोली के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल पतंगे का सत्कार किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में बोलते हुए अनिल पतंगे ने कहा कि हिंगोली जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए “गांव तिथे शाखा” की संकल्पना के तहत हर गांव में पार्टी की शाखा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और विधायक राजेश नवघरे ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे। इसके लिए जिले के विभिन्न तालुकों में लगातार बैठकों का आयोजन किया जाएगा और कार्यकर्ताओं की समस्याओं व सुझावों को भी सुना जाएगा।
पतंगे ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और उन्हें हल कराने के लिए प्रयास करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को विधायक राजेश नवघरे के माध्यम से राज्य सरकार तक पहुंचाने के लिए वे स्वयं भी प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर जिला महासचिव बाबुराव वानखेडे, जिल्हा युवक उपाध्यक्ष बालाजी जाधव, संतोष आमले, महिला शहराध्यक्ष माधवी पातुरकर, मनीषा खाडे, सुभाष ठमके, विनायक हेंद्रे, उमेश बोचरे, छगन शेलके, श्याम खाडे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।









