चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर स्थित विसापुर में एसएनडीटी विश्वविद्यालय के उपकेंद्र को ‘मॉडल कैंपस’ के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने यहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुनगंटीवार ने स्पष्ट कहा कि यह परिसर केवल एक शैक्षणिक संस्थान न रहकर छात्राओं के सर्वांगीण विकास का आधुनिक और प्रेरणादायी केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ जुलाई तक पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में विश्वविद्यालय की कुलगुरु उज्ज्वला चक्रदेव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग और एसएनडीटी के विभिन्न अधिकारी भी उपस्थित रहे।
परियोजना के तहत मुख्य इमारत का निर्माण जून तक पूरा करने की योजना है, जबकि 100 केएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा गेस्ट हाउस, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आवासीय क्वार्टर जैसी सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग समयसीमा निर्धारित की गई है।
छात्राओं के लिए अत्याधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश देते हुए पारंपरिक महिला खेलों को भी प्रोत्साहन देने पर जोर दिया गया। “मिशन ओलंपिक” के तहत जिले को खेल क्षेत्र में मजबूत बनाने की दिशा में भी योजना तैयार की जा रही है।
कैंपस को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाले सड़क मार्ग, लैंडस्केपिंग, थीम लाइटिंग और आधुनिक साउंड सिस्टम शामिल होंगे। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, इलेक्ट्रिक बस सुविधा और स्मार्ट साइन बोर्ड जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।
छात्राओं के लिए आरओ पानी, जिम, योगा हॉल, 900 क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार और हॉस्टल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह परिसर शिक्षा के साथ-साथ आधुनिकता और सुविधाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।





