Bihar Election 2025, पटना। बिहार में राजद को एक और बड़ा झटका लगा है। भभुआ विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक भारत बिंद ने बृहस्पतिवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ने का ऐलान किया। बिहार विधानसभा सचिवालय ने जारी अधिसूचना में कहा कि भभुआ सीट विधायक भारत बिंद के इस्तीफे के कारण रिक्त हो गई है।
भारत बिंद ने कहा कि उन्होंने विधायक पद और राजद दोनों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में वह भाजपा के टिकट पर ही भाग लेंगे। इससे पहले जनता दल (यूनाइटेड) के राजग में लौटने के बाद बिंद सदन में सत्तारूढ़ दल के विधायकों के पास बैठने लगे थे। इस कदम के बाद राजद ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। बिंद की अयोग्यता को लेकर दायर याचिका फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के समक्ष लंबित है।
भाजपा में शामिल होने के संकेत पहले ही मिल चुके थे। बजट सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को भारत बिंद सत्ता पक्ष के खेमे में जाकर बैठ गए और उपमुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के साथ विधानसभा में पहुंचे। इसके बाद वह सीधे सम्राट चौधरी के केबिन में चले गए।
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने के बाद से महागठबंधन के विधायकों का NDA में शामिल होना लगातार जारी है। फ्लोर टेस्ट के दिन आरजेडी के तीन विधायक पहले ही पाला बदल चुके थे। इसके बाद 27 फरवरी को कांग्रेस के दो और राजद के एक विधायक ने पाला बदल लिया। अब बजट सत्र के आखिरी दिन तेजस्वी यादव की पार्टी का एक और विधायक राजद छोड़कर एनडीए में शामिल हो गया।
कैमूर जिला के रहने वाले भारत बिंद ने 2010 में जिला परिषद का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर भभुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 10,045 वोटों से हराया। इस बार उनका भाजपा में शामिल होना बिहार में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।









