पटना,(बिहार)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को राज्य में आगामी चुनाव के मद्देनजर बड़ा दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करेगा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मौर्य शुक्रवार को पटना पहुंचे, जहाँ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा, “बिहार की जनता हर सवाल का जवाब अपने वोट के माध्यम से देगी। राज्य के इतिहास में राजग की सबसे बड़ी जीत पहले हुई थी, लेकिन 2025 में यह जीत उससे भी बड़ी होगी।”
उल्लेखनीय है कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी और केशव मौर्य को सह प्रभारी नियुक्त किया है।
‘आई लव मोहम्मद’ बयान को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर मौर्य ने कहा कि जनता चुनाव में हर सवाल का जवाब देगी।
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, जबकि इसी लोकतंत्र ने उन्हें संसद तक पहुंचाया है। विपक्ष के सवालों का जवाब जनता अपने वोट के माध्यम से देगी।”
शिवसेना (उबाठा) के नेता उद्धव ठाकरे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित है, जबकि भाजपा जनता के बीच जाकर काम कर रही है।
केशव प्रसाद मौर्य की इस बैठक और उनके बयान से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि भाजपा और उसके सहयोगी दल राजग आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरने की तैयारी कर रहे हैं और चुनावी मोर्चे पर सक्रिय रणनीति पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।











