फेट्री गांव के पास सुबह 5:30 बजे भीषण दोपहिया हादसा
चालक को आई झपकी, डिवाइडर से टकराई दोपहिया
गंभीर रूप से घायल युवक का मेडिकल अस्पताल में इलाज जारी
थकान बनी हादसे की वजह, पुलिस ने जांच शुरू की
नागपुर:शहर के फेट्री गांव के पास 26 फरवरी की सुबह एक भीषण दोपहिया दुर्घटना हुई, जिसमें दोपहिया चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा फेट्री गांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक केटरिंग का काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे दोपहिया पर से उसका नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित दोपहिया सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पाटिल ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया और राहत कार्य शुरू किया। घायल चालक को तत्कालइंदिरा गांधी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को आई नींद की झपकी है। लगातार काम के बाद थकान की वजह से यह हादसा हुआ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








