नागपुर। नागपुर में भाजपा के कई उम्मीदवार चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह क्षेत्र है। भाजपा ने नागपुर महापालिका की 151 सीटों के लिए नामांकन पत्र और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए लगभग 300 कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए थे।
यह स्पष्ट होता जा रहा है कि कई वार्डों में एक से अधिक उम्मीदवार होने के कारण पार्टी नेताओं को अंतिम निर्णय लेने में कठिनाई हो रही है। विशेष रूप से, मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र के कुछ वार्डों में भी अराजकता की चर्चा है। इस बीच, भाजपा ने नागपुर मनपा चुनाव के उम्मीदवारों को एबी फॉर्म वितरित करना शुरू कर कर दिया है।
भाजपा ने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची घोषित किए बिना सीधे एबी फॉर्म जारी करके उम्मीदवारी की पुष्टि करने का तरीका अपनाया है। इसी प्रक्रिया में, नागपुर की युवा चेहरे शिवानी दानी को वार्ड नंबर 36 से भाजपा की उम्मीदवारी दी गई है। शिवानी दानी को एबी फॉर्म भी वितरित कर दिया गया है।
गडकरी के आवास के बाहर हंगामा
नागपुर। महानगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी तक उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन उससे पहले ही पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में प्रभाग क्रमांक 15 से संभावित उम्मीदवार को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध का मोर्चा खोल दिया।
कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए दूसरी पार्टी से आए नेता और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट न देने की मांग की। प्रभाग क्रमांक 15 से दूसरी पार्टियों से आए नेताओं और पार्टी में निष्क्रिय रहे लोगों को टिकट में प्रधानता दिए जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के वाहन को रोककर बाहरी व्यक्ति को टिकट दिए जाने का विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पिछले 30–35 वर्षों से लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन जब उम्मीदवारी का समय आता है तो बाहर से आए लोगों को टिकट दिया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने पालकमंत्री बावनकुले सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से स्पष्ट शब्दों में पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता को ही उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे चुनाव में काम नहीं करेंगे।
मनोज साबले भाजपा में शामिल, कांग्रेस की डगर हुई मुश्किल
नागपुर। कांग्रेसनिष्ठ और पिछले 2 दशकों से मनपा में नगरसेवक पद संभालने वाले तथा वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की टीम में प्रदेश सचिव मनोज साबले ने रविवार को भाजपा में प्रवेश किया। उनका यह प्रवेश कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। साबले दंपति कॉटन मार्केट परिसर में लोकप्रिय हैं और जनता के लिए तत्पर रहने वाले नगरसेवक के रूप में उनकी पहचान है।
जानकारी के अनुसार, मनपा चुनाव में प्रभाग क्रमांक 17 से उन्हें कांग्रेस की उम्मीदवारी नहीं मिलने की सूचना मिलने के बाद ही उन्होंने भाजपा का दामन थामा, ऐसी जोरदार चर्चा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में शहराध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के हाथों उनका पार्टी प्रवेश हुआ।








