मुंबई। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए वार्ड परिसीमन को अंतिम मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार अंतिम वार्ड संरचना महाराष्ट्र सरकार के राजपत्र में प्रकाशित की गई और इसे बीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इस परिसीमन के तहत मुंबई को कुल 227 चुनावी वार्डों में बांटा गया है और हर वार्ड से एक पार्षद चुना जाएगा।
परिसीमन प्रक्रिया के दौरान सुझाव और आपत्तियों के लिए चार सितंबर 2025 तक समय सीमा निर्धारित की गई थी, जिसमें कुल 492 सुझाव और आपत्तियां प्राप्त हुईं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 11 से 13 सितंबर के बीच इन सभी सुझावों और आपत्तियों पर सुनवाई की और गहन समीक्षा के बाद वार्ड गठन को अंतिम रूप दिया। इसके पहले 22 अगस्त को मसौदा परिसीमन अधिसूचना प्रकाशित की गई थी, जिसमें बीएमसी के कई वार्डों की प्रस्तावित भौगोलिक सीमाओं को रेखांकित किया गया और आम जनता से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि अंतिम अधिसूचना में प्रत्येक वार्ड की सीमाओं और जनसंख्या का विवरण स्पष्ट रूप से सूचीबद्ध किया गया है, जिससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है और सभी राजनीतिक दलों को चुनाव की तैयारी करने का समान अवसर मिलता है। महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक विभिन्न नगर निगमों के चुनाव होने की संभावना है, जिनमें बीएमसी का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








