दीपक बोऱ्हाडे के आंदोलन के मद्देनज़र जालना जिले में सख्त सुरक्षा इंतज़ाम
जालना:जालना जिले में धनगर समाज के आंदोलन की पृष्ठभूमि में प्रशासन ने एहतियातन कड़े कदम उठाए हैं। जालना शहर सहित अंबड शहर में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, वहीं दोनों शहरों के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों को एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
धनगर समाज को एसटी प्रवर्ग से आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर धनगर नेता दीपक बोऱ्हाडे द्वारा मुंबई की ओर आंदोलन के लिए रवाना होने की घोषणा के बाद जालना जिले में तनावपूर्ण स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही थी। इसी के चलते जिला दंडाधिकारी आशिमा मित्तल ने जालना और अंबड शहर में कर्फ्यू के आदेश जारी किए हैं।
दीपक बोऱ्हाडे का निवास स्थान जालना के मुक्तेश्वरद्वार परिसर में स्थित है। इस क्षेत्र में पुलिस का भारी बंदोबस्त तैनात किया गया है। बोऱ्हाडे के घर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी की गई है और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। आवश्यक सेवाओं को कर्फ्यू से छूट दी गई है, लेकिन आम नागरिकों की आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। स्थिति पर जिला प्रशासन और पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
हालांकि, पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन ने मीडिया को कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देने से स्पष्ट इनकार कर दिया है। फिलहाल जालना और अंबड में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।












