धुले शहर में सेवा सुपर स्पेशालिटी अस्पताल परिसर में आज एक गंभीर घटना सामने आई। अस्पताल के सफाई कर्मचारी सुनील वाघ ने प्रशासकीय अधिकारी राजेंद्र ढेहरे और ओटी के कर्मचारी महेंद्र बोरसे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना १४ मार्च दोपहर के समय हुई, जब सुनील वाघ अस्पताल परिसर में अपने बकाया वेतन की मांग को लेकर जोर-जोर से चिल्ला कर रहा था। इस दौरान प्रशासकीय अधिकारी और ओटी कर्मचारी ने उसे समझाने का प्रयास किया। इसी बीच सुनील वाघ ने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया।
घटना के तुरंत बाद जख्मियों को अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्चतम चिकित्सा सुविधा के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है, लेकिन गंभीर चोटें लगी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धुले पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी सुनील वाघ को पकड़कर हिरासत में लिया। फिलहाल शहर पुलिस थाना में इस मामले में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अस्पताल के डॉक्टर राजेश अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हमले के पीछे की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
यह घटना अस्पताल में कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करती है। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में ऐसे घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा प्रबंधों को और कड़ा किया जाएगा।






