आशीर्वाद कॉलोनी में बड़ी चोरी, १ लाख ८६ हजार का नुकसान
गोंदिया:गोंदिया शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में गोंदिया के फुलचूर क्षेत्र स्थित आशीर्वाद कॉलोनी में चार अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोरों की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीर्वाद कॉलोनी के मकान क्रमांक 38 में रहने वाली 51 वर्षीय महिला ने ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का कुंडी-कवाड़ तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे बेडरूम में रखी अलमारी को तोड़ दिया।
चोरों ने अलमारी से 50 हजार रुपये नकद, चांदी का एक जग, सात गिलास और भगवान की मूर्ति जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है, चोरी कर ली। इसके अलावा दो सोने की अंगूठियां जिनकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है, एक कलाई घड़ी जिसकी कीमत 5 हजार रुपये तथा कंप्यूटर का पावर सप्लाई यूनिट जिसकी कीमत 1500 रुपये है, भी चोर अपने साथ ले गए। कुल मिलाकर चोरों ने 1 लाख 86 हजार 500 रुपये का माल चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत धारा 332(4), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











