दयाशंकर तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया
चिटणीस पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
नागपुर:विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर नागपुर में जिला दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, जिला परिषद तथा दिव्यांग बच्चों के लिए कार्यरत विभिन्न अनुदानित और बिना अनुदानित स्कूलों एवं कार्यशालाओं के संयुक्त सहयोग से एक भव्य जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली की शुरुआत गांधीबाग परिसर से हुई, जहां भारतीय जनता पार्टी के शहराध्यक्ष एवं पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। दिव्यांग विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रैली के मार्ग में कई सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य जनजागृति, समावेशिता और दिव्यांगों के अधिकारों को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना था। कार्यक्रम के समापन के लिए चिटणीस पार्क में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई, जिसमें दिव्यांग विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक कला प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया।












