महिला सशक्तिकरण संघ ने सैकड़ों महिलाओं को किया सम्मानित
वक्ताओं ने शिक्षा, समान अधिकार और नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी पर दिया जोर
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण
नागपुर | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण संघ, महाराष्ट्र प्रदेश इकाई, नागपुर के तत्वावधान में डॉ. आंबेडकर उद्यान, वैशाली नगर में पुरस्कार समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सशक्तिकरण की एक मजबूत मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता मंगला वाडिभीस्मे उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में चिंतक एवं लेखिका सरोज डांगे शामकुंवर ने कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सैकड़ों महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख वक्ताओं के रूप में हेमलता पाटील, मंजुळा गेडाम, वैशाली राऊत, गणवीर वानखेडे तथा प्रिया सहारे ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, समान अधिकार और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. चंद्रकीर्ती, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, महिला सशक्तिकरण संघ, भारत ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भदंत डॉ. आनंद, भदंत डॉ. लोकपाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्ध अनुयायी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।









