लकड़गंज थाना क्षेत्र के बगड़गंज इलाके में पुलिस ने अवैध तंबाकू मिल पर धडाकेबाज कार्रवाई करते हुए बड़े मिलावट रैकेट का पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा को मिली पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध तंबाकू मिल पर छापा मारा, जहां अवैध रूप से तंबाकू की पैकेजिंग और मिलावट का काम किया जा रहा था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अहमदाबाद से लाए गए तंबाकू के डब्बों में स्थानीय सस्ते तंबाकू और एक विशेष लिक्विड मिलाकर उसकी मात्रा दोगुनी की जा रही थी। इसके बाद इस मिलावटी तंबाकू को नई पैकेजिंग में भरकर गडचिरोली, यवतमाल और नागपुर जिले के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तंबाकू, पैकेजिंग सामग्री, खाली डब्बे और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि यह पूरा कारोबार बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
इस मामले में मुख्य आरोपी सहानी, निवासी वाठोडा बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे की जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।








