सिंदखेडराजा तालुका के पांगरी काटे में पुलिस की छापेमारी
दो किसानों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
1.32 करोड़ रुपये की अफीम के पौधे बरामद
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। अनाज की खेती की आड़ में खेतों में अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की अफीम जब्त की है।
मामला बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा तालुका के पांगरी काटे इलाके का है। यहां दो किसानों द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर मेहकर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खाडे ने टीम के साथ छापा मारकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान भागवत सदाशिव काटे और विशाल रमेश काटे के खेतों से अफीम के पौधे, बोंडे, फूल और पत्तियां बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 1 करोड़ 32 लाख 9 हजार 400 रुपये की अफीम जब्त की है। जब्त माल में एक आरोपी के खेत से करीब 107 किलो से अधिक और दूसरे के खेत से 57 किलो से ज्यादा अफीम के पौधे पाए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे और अपर पुलिस अधीक्षक अमोल गायकवाड़ के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर पूरे खेत को सील कर दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में साखरखेड़ा पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) और 18(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और किसानों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।











