लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में युद्धविराम को लेकर भारत सरकार ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में शांति का जो माहौल बना है, वह आगे भी कायम रहेगा। नई दिल्ली में संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जोर देकर कहा कि भारत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से जहाजों के सतत और सुरक्षित आवागमन की मांग करता है क्योंकि यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
ईरान द्वारा हॉर्मुज में जहाजों पर लगाए जाने वाले संभावित टोल को लेकर जायसवाल का कहना था कि इस मुद्दे पर फिलहाल ईरान के साथ किसी भी तरह की चर्चा नहीं हुई है। प्रवक्ता ने बताया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर 11-12 अप्रैल को यूएई के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यूएई नेतृत्व के साथ रणनीतिक संबंधों को और मजबूती देने पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी 9-10 अप्रैल को कतर के दौरे पर हैं। भारत अन्य खाड़ी देशों (जीसीसी) के साथ भी लगातार संपर्क में है ताकि ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं शिपिंग मिनिस्ट्री के अधिकारी मुकेश मंगल ने राहत की खबर देते हुए बताया कि एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन आशा’ गुरुवार सुबह सुरक्षित रूप से नवी मुंबई के जेएनपीए बंदरगाह पहुंच गया है। इसमें 15,400 टन एलपीजी है। इससे गैस की सप्लाई में सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट में भारत के झंडे वाले किसी भी जहाज के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। सरकार समुद्री व्यापारिक मार्गों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
दवाओं के दाम नहीं बढ़ेंगे, मथनॉल पर चिंता
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी सत्यप्रकाश टीएल ने कहा कि देश में दवाओं की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी की सूचना नहीं है। हालांकि उन्होंने माना कि पश्चिम एशिया संकट की वजह से मथनॉल की आपूर्ति एक बड़ी चिंता बनकर उभरी है। सरकार मथनॉल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में काम रही है।
एक दिन में बिके 51 लाख एलपीजी सिलेंडर
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि वर्तमान संकट के कारण एलपीजी सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हुई है क्योंकि भारत अपनी जरूरत का लगभग 60% एलपीजी आयात करता है। सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को संकट से बचाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि देश में किसी भी एलपीजी वितरक के पास गैस खत्म होने की खबर नहीं है। कल ही एक दिन में रिकॉर्ड 51 लाख से ज्यादा एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री हुई थी।










