अहमदाबाद। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इंडिया लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बनी। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में यह भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत साबित हुई। इसके साथ ही टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप के खिताब को लगातार दूसरी बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन चुकी है। वहीं, अपने घर पर टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली क्रिकेट जगत की पहली टीम बनी।
यदि बात करें मुकाबले की, तो न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर सिमट कर रह गई।













