लोकवाहिनी, संवाददाता:तेहरान। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच हालात और ज़्यादा गंभीर होते जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब सीधे सैन्य टकराव की दिशा में बढ़ता दिख रहा है।
ताज़ा घटनाक्रम में अमेरिका ने पुष्टि की है कि उसका एक लड़ाकू विमान ईरान में गिरा है, हालाँकि रिपोर्ट्स में इसे F-15 बताया जा रहा है। इस विमान में सवार पायलट का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है। पायलट की तलाश के लिए अमेरिकी एयरफोर्स ने ईरान के अंदर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
ईरान के मीडिया के अनुसार, दक्षिणी ईरान के खुज़ेस्तान प्रांत में IRGC और अमेरिकी स्पेशल फोर्स के बीच आमना-सामना हो गया है, जहाँ दोनों पक्षों के बीच फायरिंग की खबर सामने आई है। इससे पहले यह भी दावा किया गया था कि अमेरिकी हेलीकॉप्टरों ने एक ईरानी सैन्य काफिले पर हमला किया, जो कथित तौर पर उस इलाके की ओर बढ़ रहा था जहाँ अमेरिकी पायलट के होने की आशंका थी।








