नागपूर:चंद्रपुर महानगरपालिका में सत्ता स्थापना को लेकर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस के सभी 27 नगरसेवक पूरी तरह एकजुट हैं और किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है। प्रशासनिक कारणों से नगरसेवकों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है, लेकिन कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ साथ खड़ी है और महापौर कांग्रेस का ही बनेगा।
वडेट्टीवार ने भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार के बयान को पूरी तरह अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नगरसेवक सुरक्षित हैं और भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे संपर्क और तोड़फोड़ के दावे निराधार हैं। उल्टा भाजपा के कुछ नगरसेवक कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा भी उन्होंने किया।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के साथ गठबंधन किया है और सत्ता स्थापना के लिए आवश्यक संख्याबल की व्यवस्था पूरी हो चुकी है। गटनेता के चयन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठावान, वरिष्ठ और अनुभवी नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
लाडकी बहिण योजना पर हमला बोलते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि 14 तारीख को खातों में पैसे डालकर वोट हासिल करने की कोशिश की गई, लेकिन वह असफल रही। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि आयोग सत्ताधारियों के इशारों पर काम कर रहा है।
मुंबई, पालघर में भाषा विवाद, दावोस करार और एमआईएम को लेकर भी वडेट्टीवार ने भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने भरोसा जताया कि चंद्रपुर समेत अन्य महानगरपालिकाओं में कांग्रेस सत्ता में आएगी और अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।












