पुणे। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को आईआईटी बॉम्बे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने के लिए ज्ञान ही सबसे शक्तिशाली हथियार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी भविष्य की टेक्नोलॉजी पर निर्भर करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, आईआईटी और उनके छात्रों का देश के विकास और प्रगति में बहुत बड़ा योगदान है। सरकार में काम करते समय अगर हमें कोई चुनौती आती है, तो हम सबसे पहले आईआईटी से संपर्क करते हैं। आईआईटी की विश्वसनीयता इतनी अच्छी है कि हमें जो समाधान मिलता है, उसे बड़े पैमाने पर स्वीकार किया जाता है। उन्होंने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि आप ज्ञान की पूंजी हैं। उन्होंने आगे कहा, देश की प्रगति, संसाधन, टेक्नोलॉजी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण भविष्य की टेक्नोलॉजी और ज्ञान है। किसी भी देश का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि उसके पास किस तरह की भविष्य की टेक्नोलॉजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साझा करते हुए गडकरी ने कहा कि भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का मिशन ज्ञान के आधार पर ही पूरा होगा। (पेज 6 पर)











