
मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने सोमवार (22 दिसंबर) को एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले और डिप्टी सीएम अजित पवार के खिलाफ जांच की मांग वाली जनहित याचिका को खारिज कर दिया। यह मामला पुणे में लवासा हिल स्टेशन परियोजना से जुड़ा है। इस प्रोजेक्ट को कथित तौर पर अवैध रूप से दी गई अनुमतियों के लिए सीबीआई जांच की मांग वाली पीआईएल दायर की गई थी।
हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अनखड की बेंच ने पाया कि याचिकाकर्ता नानासाहब जाधव (जो एक वकील हैं) कोई ऐसा कानूनी प्रावधान पेश करने में विफल रहे हैं जिसके तहत कोई अदालत, अपने दीवानी क्षेत्राधिकार का प्रयोग करते हुए, पुलिस को प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का निर्देश दे सकती है।
जाधव की जनहित याचिका में सीबीआई को निर्देश देने का अनुरोध किया गया था कि वह पुणे जिले के लवासा में एक हिल स्टेशन के निर्माण के लिए कथित तौर पर अवैध रूप से दी गई अनुमतियों के लिए शरद पवार, सुले और अजित पवार के खिलाफ मामला दर्ज करे। फरवरी 2022 में, जब जाधव ने लवासा को दी गई विशेष अनुमतियों को अवैध घोषित करने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी, तब हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। (पेज 6 पर)











