जांच में तेंदुए के होने के नहीं मिले कोई सबूत:अफवाहों पर विश्वास न करें – वन विभाग
खारघर–तळोजा क्षेत्र में जेल परिसर के पास तेंदुआ दिखाई देने का एक वीडियो आज सुबह से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बाद इलाके में घबराहट और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर खारघर पुलिस, स्थानीय नागरिक और वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वीडियो की सत्यता की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। मौके पर तेंदुए होने के कोई निशान या ठोस सबूत नहीं मिले। इसके बाद इलाके में फैली घबराहट काफी हद तक कम हुई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी गजानन पानपाते ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फेक वीडियो पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध वन्य प्राणी दिखाई दे, तो इसकी तुरंत सूचना वन विभाग को दें और अफवाहें न फैलाएं।
वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे फर्जी वीडियो सामाजिक दहशत पैदा करने वाले होते हैं और इनसे जनता में भ्रम और डर फैलता है।












