बच्चू कडू के नेतृत्व में हजारों आदिवासियों का प्रदर्शन
समाधान के लिए मंत्री उदय सामंत की आंदोलनकारियों से चर्चा
अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में लंबे समय से लंबित समस्याओं, आदिवासी समुदाय के साथ हो रहे कथित अन्याय और शासन की उदासीनता के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है। जननेता बच्चू कडू के नेतृत्व में निकाली जा रही मेलघाट संघर्ष पदयात्रा अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि आज चिखलदरा में हजारों आदिवासी नागरिकों की उपस्थिति में तहसील कार्यालय के समक्ष बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया.
आंदोलनकारियों का कहना है कि मेलघाट क्षेत्र के अनेक बुनियादी प्रश्न वर्षों से अनसुलझे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर शासन की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिए गए हैं। इसी कारण क्षेत्र के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इस बीच आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने भी स्थिति का संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार राज्य के मंत्री उदय सामंत ने आज चिखलदरा पहुंचकर आंदोलनकारियों से बातचीत की और समाधान निकालने का प्रयास किया.









