लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर | जिलाधिकारी कार्यालय में सोमवार को गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीडीएफ (राष्ट्रीय अध्यक्ष) नितिन सोलंकी ने नागपुर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा— “घबराएं नहीं, संयम रखें।”
नितिन सोलंकी ने बताया कि वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक मार्गों से गैस मंगवाने में परिवर्तन और लॉजिस्टिक्स खर्च बढ़ने के कारण लगभग 60 रुपये की दर वृद्धि हो सकती है। सोलंकी ने स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों के पास फिलहाल लगभग एक महीने तक चलने वाला गैस भंडार उपलब्ध है।
इस अवधि में केंद्र सरकार नए जहाजों के माध्यम से अतिरिक्त गैस आपूर्ति की व्यवस्था करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी होने की संभावना नहीं है।
नागरिकों के लिए तीन जरूरी निर्देश:
जमाखोरी न करें: घरेलू गैस का अवैध उपयोग या जमाखोरी पाए जाने पर प्रशासन तुरंत सख्त कार्रवाई करे, यह उन्होंने प्रशासन से भी अपेक्षा जताई।
अतिरिक्त पैसे न दें: कोई एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित कीमत से अधिक राशि मांगे, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों से शिकायत करें।
घबराएं नहीं: केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। केंद्र और स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।









