नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की टीम ने तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम करते हुए दो यात्रियों से 14 लाख रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट जब्त की है। यह कार्रवाई रविवार सुबह एयर अरेबिया के शारजाह-नागपुर फ्लाइट के आगमन के तुरंत बाद की गई, जिसके दौरान यात्रियों के सामान की जांच में 1,40,200 सिगरेट के 701 पैकेट बरामद किए गए।
कस्टम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई सिगरेट कोरियन ब्रांड की सुपर स्लिम सिगरेट हैं, जिनकी भारत में बिक्री प्रतिबंधित है। तस्करी किए गए माल को अत्यधिक कीमत पर बेचे जाने की योजना थी, जिससे लाखों रुपये का अवैध मुनाफा कमाया जा सकता था। अधिकारियों ने बताया कि दोनों यात्रियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और उनसे सघन पूछताछ जारी है। पकड़े गए यात्रियों की पहचान मोहम्मद जाकीर और अब्दुल कदीर अब्दुल जहीर के रूप में हुई है।
सूत्रों का कहना है कि नागपुर एयरपोर्ट से पहले भी सोना, चांदी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की तस्करी के कई मामले पकड़े गए हैं। ऐसे मामलों में लगातार वृद्धि यह संकेत देती है कि किसी बड़े तस्करी रैकेट की सक्रिय भूमिका हो सकती है, जो एयर रूट के जरिए महंगे विदेशी सामान को भारतीय बाजार तक पहुँचाने की कोशिश कर रहा है।
कस्टम विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन यात्रियों के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था और विदेशी सिगरेटों की यह बड़ी खेप आखिर किस बाजार में सप्लाई होने वाली थी।
सीमा शुल्क अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट के और भी सदस्यों का पर्दाफाश हो सकता है और इस तरह की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए निगरानी और भी ज़ोरदार की जा रही है।










