लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। क्राइम ब्रांच की यूनिट 3 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैचों पर अवैध सट्टा बैटिंग खेलने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के मनीष नगर स्थित पार्क व्यू रेजीडेंसी के एक फ्लैट में छापा मारकर पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की शाम 7:15 से 8:40 बजे के दौरान क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में एक फ्लैट से कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच चल रहे लाइव टी-20 मैच पर मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा खिलवाया जा रहा है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचों की मौजूदगी में रेड डाली गई।
इस छापामार कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उमेश रॉय (26, निवासी यवतमाल), सागर धनराज शिवहरे (उम्र 35, निवासी हुड़केश्वर), जितेंद्र शंकरराव खते (उम्र 30, निवासी सावनेर), सुमित सुभाष रॉय (उम्र 34, निवासी अजनी) और विक्की गणेश जायसवाल (उम्र 37, निवासी मनीष नगर) के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने एक टैबलेट, 10 अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दो दोपहिया वाहन और एक हुंडई वेन्यू कार बरामद की है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत 11,84,110 रुपये बताई गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सूरज उमेश रॉय ने यह फ्लैट करीब एक हफ्ते पहले किराए पर लिया था। आईपीएल की शुरुआत होते ही सूरज ने अपने जीजा विक्की जायसवाल के साथ मिलकर सट्टा का यह अड्डा चलाना शुरू किया था। पुलिस लगातार इनकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी, क्योंकि ये सटोरिये अपने ठिकाने बदल रहे थे।








