नागपुर के मोहननगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में पीड़ित एंथनी डैनियल को चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अंबुलाला उर्फ उमेश पैसाडेली, आकाश गेडाम, पियूष वाडेकर और रोप लाला ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पहले से ही आपसी विवाद चल रहा था, जो जनवरी महीने में हुए झगड़े के बाद और बढ़ गया था। इसी रंजिश को मन में रखते हुए आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर पीड़ित पर हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर संबंधित पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी उमेश पैसाडेली का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही रहा है और उस पर गंभीर मामलों के साथ-साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। जांच के दौरान अपराध शाखा और पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पियूष वाडेकर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, बाकी आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि सभी आरोपी और पीड़ित एक ही इलाके, मोहननगर के आसपास रहते हैं, जिससे यह मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमोल देशमुख ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।फिलहाल, इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







