नागपुर शहर के कडू लेआउट इलाके से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक 18 वर्षीय युवती के साथ उसके ही घर में घुसकर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में कपिल नगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में चार्जशीट भी दाखिल कर दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 1 अप्रैल की रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच हुई। पीड़ित युवती अपने माता-पिता के साथ घर में रहती है। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 26 वर्षीय आरोपी वैभव गणेश ब्रह्म उसके घर के सामने आया और एक मामूली बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोपी ने “तुम्हारा कुत्ता मुझे काटता है” कहकर बहस छेड़ी और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद जब उसे पता चला कि युवती घर में अकेली है, तो उसने जबरदस्ती घर में घुसकर उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा शोर मचाने पर उसके माता-पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का पंचनामा किया, फॉरेंसिक जांच कराई, CCTV फुटेज खंगाले और गवाहों के बयान दर्ज किए। इन सभी साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर न्यायालय में दोषारोप पत्र प्रस्तुत किया गया। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता और कड़े कदम उठाने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।
हालांकि, नागपुर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आम नागरिकों में भरोसा जरूर बढ़ा है। अब सभी की नजरें न्यायालय पर टिकी हैं, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके।







