नागपुर पुलिस ने जब्त किये 57,000 के ड्रग्स
नागपुर के युवाओं को ‘सफेद जहर’ यानी ड्रग्स की लत से बचाने के लिए नागपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन थंडर’ लगातार सख्त होता जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कामगार नगर इलाके में जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद सलमान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 5.63 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स युवाओं को सप्लाई करने के लिए लाई गई थी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने ड्रग्स के साथ-साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 57,300 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी और उसका फरार साथी फैजान, दोनों ही पुराने अपराधी हैं और इससे पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने फरार आरोपी फैजान की तलाश तेज कर दी है। पीएसआई नलटे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
नागपुर पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन हजारों परिवारों को बचाने की कोशिश है, जिनके बच्चे ड्रग तस्करों के निशाने पर होते हैं। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर की गलियों में नशे का जहर बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।









