नागपुर(महाराष्ट्र)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को हवाई यातायात नियंत्रण और विमानन क्षेत्र में वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रौद्योगिकी एवं नियमों के आधुनिकीकरण पर जोर दिया।
गडकरी यह बातें एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स गिल्ड ऑफ इंडिया द्वारा नागर विमानन पर आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या हाल के वर्षों में 75 से बढ़कर 150 हो गई है और इस क्षेत्र में 22 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मंत्री ने नागपुर को देश के हवाई यातायात नियंत्रण का केंद्रीय स्थल बनाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “पुराने और अप्रचलित नियमों को समाप्त कर, सुरक्षा मानकों के साथ वैश्विक स्तर के नए नियम लाना आवश्यक है। इससे विमानन क्षेत्र में सुधार और विकास की राह खुलेगी।”
गडकरी ने हवाई यातायात नियंत्रकों की भूमिका को विकसित भारत के सपने में अहम बताया और कहा कि उनका योगदान देश के विमानन क्षेत्र को और मजबूत बना सकता है।









