नई दिल्ली। नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के पक्ष में 37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त हुए और सभी वैध पाए गए।
भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थे। पार्टी चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि नितिन नवीन निर्विरोध चुने गए क्योंकि कोई और नामांकन हुआ ही नहीं। नितिन नवीन के नाम का आधिकारिक ऐलान मंगलवार (20 जनवरी 2026) को होगा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के निर्वाचन समाप्त होने के बाद शुरू की गई, जो कि न्यूनतम आवश्यक 50 फीसदी से अधिक है। 16 जनवरी 2026 को निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई और निर्वाचन सूची का प्रकाशन किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार (19 जनवरी 2026) को दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त हुए। जे.पी. नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेताओं धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण को नितिन नवीन के नामांकन पत्रों का एक सेट सौंपा।












