ट्यूशन क्लासेस में प्रश्नपत्र लीक की शिकायतों पर सरकार की कार्रवाई
राज्य के छात्रों को मिलेगा NASA, अमेरिका का दौरा करने का अवसर
अमरावती में भाऊसाहेब पंजाबराव देशमुख के नाम से शैक्षणिक संकुल की मांग
नागपुर:महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री पंकज भोयर ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से शुरू किया गया कॉपीमुक्त अभियान सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है और राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं अधिकतर जगहों पर व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही हैं।
नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री पंकज भोयर ने बताया कि पिछले वर्ष से महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में कॉपीमुक्त परीक्षा अभियान शुरू किया है। इसके तहत परीक्षा प्रणाली को बेहद सख्ती और पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नियमों के अनुसार हो रही हैं। हालांकि एक-दो स्थानों पर कुछ अनियमितताएं सामने आई थीं, जिन पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि कुछ ट्यूशन क्लासेस के बारे में शिकायतें मिली थीं कि वहां प्रश्नपत्रिका पहले से ही कुछ छात्रों को उपलब्ध कराई गई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों पर कार्रवाई की गई है। वहीं उमरेड में भी प्रश्नपत्रिका से जुड़ी कुछ शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी फिलहाल जांच जारी है और प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लिया है।
राज्यमंत्री भोयर ने यह भी कहा कि राज्य में एंटी नारकोटिक्स की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत अमरावती में भी एक मामला सामने आया है, जिस पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि राज्य के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य के कुछ शालेय विद्यार्थियों को अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी NASA का दौरा करने का अवसर मिलेगा। इस योजना के लिए राज्य के बजट में भी विशेष प्रावधान किया गया है।
भोयर ने यह भी मांग की कि अमरावती में एक शैक्षणिक संकुल स्थापित किया जाए और उसे महान शिक्षाविद भाऊसाहेब पंजाबराव देशमुख के नाम से जाना जाए, जिन्होंने विशेष रूप से विदर्भ में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।









