नई दिल्ली। लोकसभा में सोमवार को राहुल गांधी के भाषण के दौरान जोरदार हंगामा हुआ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में एक पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरण के मसौदे के कुछ अंशों का हवाला देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधने का प्रयास किया, जिस पर सत्तापक्ष और कांग्रेस के सदस्यों के बीच तीखी नोंकझोंक एवं हंगामा देखने को मिला तथा सदन की कार्यवाही बाधित हुई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष की बातें पूरी तरह से काल्पनिक हैं और वह सदन को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। सदन में गतिरोध बने रहने पर सभा की बैठक पहले अपराह्न दो बजकर नौ मिनट पर अपराह्न तीन बजे तक, दूसरी बार तीन बजकर आठ मिनट पर शाम चार बजे तक और फिर चार बजकर दस मिनट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राहुल ने पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे की अनपब्लिश्ड (Unpublished) किताब का हवाला देते हुए कहा— “4 चीनी टैंक लद्दाख सीमा में पहुंच गए थे।” राहुल के ऐसा कहते ही पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फिर गृह मंत्री शाह ने उन्हें टोका। इसके बाद स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोका और माइक बंद कराया। राहुल करीब 46 मिनट तक अपनी बात कहने की कोशिश करते रहे।
भाजपा के सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोमवार को कांग्रेस और पूर्ववर्ती यूपीए (UPA) सरकार पर युवाओं को दिशाहीन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी ने दस साल के शासन में केवल काम नहीं कर पाने के बहाने दिए, जबकि मोदी सरकार ने चुनौतियों के बावजूद विकसित भारत की दिशा में कदम बढ़ाया और युवाओं को सशक्त बनाया। भाजपा सांसद ने कहा, “2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद वादा किया गया कि देश में परंपरा और प्रौद्योगिकी को एक साथ आगे बढ़ाया जाएगा।”
सरकार ने सोमवार को कहा कि देश में हरित आवरण बढ़ाने के लिए ‘नमो वन’ के नाम से नगर वन विकसित किए जा रहे हैं और इसके लिए सभी सांसदों को राज्य सरकारों के माध्यम से प्रस्ताव भेजकर सहयोग करना चाहिए। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि देश में हरित आवरण बढ़ाना आवश्यक है जिसके लिए ‘प्रतिपूरक वनीकरण कोष प्रबंधन और योजना प्राधिकरण’ (कैम्पा – CAMPA) की राशि को भी बढ़ाया जाता है।











