नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2026 के पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश के युवाओं की प्रशंसा की है। स्टार्टअप इंडिया की 10 साल की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। वहीं प्रधानमंत्री ने मन की बात के 130वें एपिसोड में मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होता है। उन्होंने लोगों से नए वोटर्स के लिए मिठाई बांटने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि दस साल पहले जनवरी 2016 में हमने एक महत्वपूर्ण सफर शुरू किया था। तब हमें इस बात का एहसास था कि भले ही यह एक छोटा कदम क्यों न हो, लेकिन यह युवा पीढ़ी और देश के भविष्य के लिए काफी अहम है। यह स्टार्टअप इंडिया की यात्रा है और इस अद्भुत यात्रा के हीरो हमारे युवा साथी हैं। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना।
यह स्टार्टअप इकोसिस्टम लीक से हटकर है। वे ऐसे सेक्टर में काम कर रहे हैं, जिनके बारे में 10 साल पहले तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। एआई (AI), स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोटेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर में अब कई भारतीय स्टार्टअप काम करते हुए दिखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं अपने उन सभी युवा साथियों को सलाम करता हूँ, जो किसी-न-किसी स्टार्टअप से जुड़े हैं या फिर अपना स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं।”
पीएम मोदी ने मन की बात के माध्यम से देशवासियों, खासकर इंडस्ट्री और स्टार्टअप से जुड़े युवाओं से आग्रह करते हुए कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत पर दुनिया की नजर है। ऐसे समय में हम सब पर एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह जिम्मेदारी है गुणवत्ता (Quality) पर जोर देने की। इस वर्ष हम पूरी ताकत से गुणवत्ता को प्राथमिकता दें।”












