लोकवाहिनी, संवाददाता तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल में सत्तारूढ़ वामपंथ (एलडीएफ) पर निशाना साधते हुए सबरीमाला में सोना गायब होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुस्लिम लीग के साथ कांग्रेस के संबंधों को लेकर उस पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि वह राज्य में कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा दे रही है।
यहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने केरल के लोगों के विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपनी पार्टी के पक्ष में निर्णायक जनादेश मांगा। उन्होंने कांग्रेस को ‘एमएमसी’ (मुस्लिम लीग, माओवादी, कांग्रेस) बताते हुए कहा कि इससे सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि ये दल कथित तौर पर केरल को अपनी रणनीतियों के ‘परीक्षण स्थल ’ के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
मोदी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। आज उसने ऐसा रुख अपना लिया है जो माओवादियों से भी ज्यादा कम्युनिस्ट और मुस्लिम लीग से भी ज्यादा सांप्रदायिक है। इसी वजह से देशभर में कांग्रेस को अब ‘एमएमसी’ कहा जाने लगा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को लेकर सतर्क रहना जरूरी है, क्योंकि वह केरल को अपनी रणनीतियों के लिए परीक्षण प्रयोगशाला बना रही है। केरल में कांग्रेस सक्रिय रूप से कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा दे रही है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर की परंपराओं को बदनाम करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, “अब खबर आ रही है कि मंदिर से सोना चोरी हो गया। भगवान का सोना चोरी हो गया। मैं साफ कर दूँ कि जैसे ही भाजपा की सरकार बनेगी (राज्य में आने वाले विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए), इन आरोपों की विस्तार से जांच होगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। यह मोदी की ‘गारंटी’ है।”
मोदी ने कहा कि एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के झंडे और चुनाव चिह्न अलग हो सकते हैं, लेकिन उनकी मूल राजनीतिक सोच और एजेंडा लगभग एक जैसा है—बिना जवाबदेही के व्यापक भ्रष्टाचार और बिना जिम्मेदारी के विभाजनकारी सांप्रदायिकता को बढ़ावा देना। उन्होंने कहा, “इसलिए आपको केरल के लिए एक नई सरकार बनानी है जो जनहितैषी और विकास समर्थक हो। यह काम केवल भाजपा और राजग ही कर सकते हैं। विकसित केरल के लिए बड़ा फैसला करना होगा। केरल को नई राजनीति चाहिए।”
मोदी ने कहा, “अगले 25 वर्षों में केरल को विकसित बनाने के लिए भाजपा को निर्णायक जनादेश चाहिए। अब विकसित केरल का समय है। अब केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार का सही समय है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाम मोर्चा भ्रष्ट है और वह केंद्र की पहलों का विरोध कर रहा है तथा सहकारी बैंकों में लोगों की मेहनत की कमाई लूटकर केरल की प्रगति में बाधा डाल रहा है। मोदी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अगले चरण के क्रियान्वयन में बाधा डाल रहे हैं और ‘नल से जल’ पहुँचाने में देरी कर रहे हैं। इसके अलावा, पीएम श्री योजना के तहत बनाए जा रहे आधुनिक स्कूलों तक वंचित बच्चों की पहुँच रोक रहे हैं। एलडीएफ की ऐसी गरीब-विरोधी हरकतों का करारा जवाब जरूरी है।











